साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा

साहित्य अकादमी ने आज 24 भाषाओं में अपने वार्षिक साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। सात कविता संग्रह, छह उपन्यास, छह कहानी संग्रह, तीन आलोचना और दो निबंध संग्रह के लिए साहित्य पुरस्कार घोषित किये गये। पुरस्कारों की अनुशंसा 24 भारतीय भाषाओं की निर्णायक समितियों द्वारा की गई तथा साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ चंद्रशेखर कंबार की अध्यक्षता में आयोजित अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में आज इन्हें अनुमोदित किया गया।
हिंदी के लिए लेखिका चित्रा मुद्गल, उर्दू के लिए रहमान अब्बास तथा अंग्रेजी के लिए अनीस सलीम को चुना गया है। पुरस्कार में प्रत्येक विजेता को एक-एक लाख रुपये, एक प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह दिए जाएंगे। ये पुरस्कार 29 जनवरी को राजधानी में दिए जाएंगे।