भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का निधन

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का आज शनिवार सुबह दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 66 साल के थे।
एम्‍स की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज के अनुसार अरुण जेटली का निधन शनिवार को दोपहर 12:07 बजे हुआ है। पिछले दिनों अरुण जेटली को एक्‍स्‍ट्राकारपोरल मेंब्रेन ऑक्‍सीजनेशन और इंट्रा ऐरोटिक बैलून सपोर्ट पर रखा गया था। अरुण जेटली को सांस लेने में तकलीफ के चलते 9 अगस्‍त को एम्‍स में भर्ती कराया गया था।
जेटली की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही थी। अपनी खराब सेहत के चलते उन्होंने सक्रिय राजनीति से खुद को दूर कर लिया था। हालांकि वह राज्यसभा के सदस्य थे। अरुण जेटली की मौत की खबर मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद की अपनी यात्रा छोड़कर दिल्ली लौट रहे हैं। अमित शाह ने ट्वीट कर अरुण जेटली की मृत्यु पर शोक जताते हुए इसे अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया।
अरुण जेटली के जन्म 28 दिसंबर को 1952 में नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली के सेंट जेवियर्स स्कूल से पूरी की, उसके बाद श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से ग्रेजुएशन किया।