देवउठनी एकादशी: चार माह के शयन के बाद कल जागेंगे भगवान विष्णु, शुरू होंगे मांगलिक कार्य

देवउठनी एकादशी इस वर्ष बुधवार 25 नवंबर को मनाई जाएगी। इसे देवोत्थान या प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की आराधना का विशेष महत्व है। इस एकादशी पर व्रत करने से बैकुंठ की प्राप्ति होती है।

मान्यता है कि देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु निद्रा से जागते हैं और मांगलिक कार्यों का आरंभ होता है। सभी देवों ने भगवान विष्णु को चार मास की योग निद्रा से जगाने के लिए घंटा, शंख, मृदंग आदि की मांगलिक ध्वनि के साथ श्लोकों का उच्चारण किया था।

कार्तिक मास में आने वाली शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी कहा जाता है, यह दीपावली के बाद आती है। आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवता शयन करते हैं और कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी के दिन देवता उठते हैं, इसीलिए इसे देवोत्थान एकादशी कहा जाता है।

पौराणिक मान्यता है कि देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में 4 माह शयन के बाद जागते हैं। भगवान विष्णु के शयनकाल के चार मास में विवाह आदि मांगलिक कार्य नहीं किये जाते हैं, इसीलिए देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद शुभ तथा मांगलिक कार्य शुरू होते हैं।

देवउठनी एकादशी के दिन तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है। तुलसी के वृक्ष और शालिग्राम की यह शादी सामान्य विवाह की तरह पूरे धूमधाम से की जाती है। चूंकि तुलसी को विष्णु प्रिया भी कहते हैं, इसलिए जब देवता जागते हैं, तो सबसे पहली प्रार्थना हरिवल्लभा तुलसी की ही सुनते हैं।

तुलसी विवाह का अर्थ है, तुलसी के माध्यम से भगवान का आह्वान करना। शास्त्रों में कहा गया है कि जिन दंपत्तियों के कन्या नहीं होती, वे जीवन में एक बार तुलसी का विवाह करके कन्यादान का पुण्य अवश्य प्राप्त कर सकते हैं।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार कार्तिक मास की एकादशी अबूझ मुहूर्त होती है। देव प्रबोधिनी एकादशी पर तुलसी शालिग्राम विवाह की परंपरा है, इसलिए इस दिन को विवाह के लिए शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन किया गया विवाह कभी नहीं टूटता और दांपत्य सुख भी हमेशा बना रहता है। इसके अलावा अक्षय तृतीया और वसंत पंचमी को भी अबूझ मुहूर्त मानते हुए विवाह किये जाते हैं।

इस वर्ष देवउठनी एकदाशी 25 नवंबर को मनाई जाएगी। एकादशी का आरंभ 24 नवंबर की देर रात 2:43 बजे से हो रहा है और समापन 26 नवंबर सुबह 5:11 बजे हो रहा है। ऐसे में एकादशी 25 नवंबर को का पूरे दिन रहेगी।

देवउठनी एकादशी पर इस बार शुभ योग बन रहा है। एकादशी की शुरुआत सर्वार्थसिद्धि में योग से हो रही है। ज्योतिष शास्त्र में इस योग को बेहद कल्याणकारी माना गया है। इस योग में व्रत करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और मनचाहा वरदान प्राप्त होता है। इस योग में किया गया कोई भी कार्य पूर्ण फलकारी और पूर्ण रूप से सफल होता है। इस दिन रवि योग भी बन रहा है, जो सुबह 6:52 बजे से शाम 6:21 बजे तक रहेगा।