Tuesday, March 19, 2024
Homeभारतहरियाणा के किसानों से एमएसपी पर शत-प्रतिशत कपास खरीदेगी केंद्र सरकार

हरियाणा के किसानों से एमएसपी पर शत-प्रतिशत कपास खरीदेगी केंद्र सरकार

देश में कृषि विधेयकों के विरोध में जारी किसान आंदोलन के बीच केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी से मुलाकात के बाद हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने बताया है कि इस बार केंद्र सरकार हरियाणा में एमएसपी पर 100 प्रतिशत कपास की खरीदारी करेगी।

केंद्रीय मंत्री के साथ इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि हरियाणा के किसानों से केंद्र सरकार 25 प्रतिशत कपास ही खरीदती थी। लेकिन केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ मुलाकात के बाद आश्वस्त किया कि केंद्र इस बार किसानों से पूरा कपास खरीदेगी।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि हरियाणा में इस बार 1 अक्टूबर से कपास की खरीद शुरू हो रही है। इसके लिए केंद्र सरकार भारतीय कपास निगम के नए केंद्र बनाने पर भी विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस बार में किसानों की समस्या को देखते हुए आढ़तियों से बात हो चुकी है। परिवहन एक बड़ी समस्या है. लेकिन इसे भी हल कर लिया जाएगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि राज्य सरकार भारतीय कपास निगम के माध्यम से एक अक्टूबर 2020 से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कपास की खरीद शुरू करेंगी।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने दिल्ली में हरियाणा में कपास की खरीद के बारे में केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी के साथ बैठक की।

मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि हरियाणा में पिछले साल 20 कपास खरीदी केंद्र थे, जिसे इस साल बढ़ाकर 40 किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कपास की खरीद प्रक्रिया के दौरान 12 प्रतिशत तक नमी के पहले से ही निर्धारित मानक का पालन किया जाएगा और इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

टॉप न्यूज