जबलपुर में खुला ट्राइब्‍ज इंडिया का फ्लैगशिप स्‍टोर

flagship store Jabalpur

जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत ट्राइफेड देशभर में अपने खुदरा स्‍टोरों का विस्‍तार कर रही है। इस कड़ी का उसका 131वां फ्लैगशिप स्टोर जबलपुर में खोला गया और इस तरह यह मध्‍य प्रदेश का तीसरा शोरूम बन गया।

‘इंडिया अंडर वन रूफ’ परिकल्‍पना के तहत यह शोरूम पूरे भारत में फैली जनजातियों के पारंपरिक हस्‍तशिल्‍प और हथकरघा उत्‍पादों जैसे महेश्‍वरी, पोचमपल्‍ली, चंदेरी, बाघ आदि को एक साथ प्रदर्शित कर रहा है।

इसके साथ ही इनमें प्राकृतिक और ऑर्गेनिक उत्‍पादों वन-धन वस्‍तुओं और रोगप्रतिरोध क्षमता बढ़ाने वाले उत्‍पादों जैसे ऑर्गेनिक अनाजों, मसालों, हर्बल चाय के साथ-साथ खूबसूरत धातु उत्‍पादों आदि का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इन शोरूम्‍स में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कपड़ों, साड़ियों तथा बाघ प्रिन्‍ट के स्‍टोल्‍स के अलग-अलग काउंटर हैं।

इसके अलावा इनमें पुरूषों, महिलाओं और बच्‍चों के लिए रेडीमेड परिधानों, जनजातीय आभूषणों, धातु की वस्‍तुओं, लोहे की वस्‍तुओं, मिट्टी के बर्तन, पेंटिंग्‍स, वन-धन, प्राकृतिक उत्‍पादों का भी प्रदर्शन किया गया है।