बिहार चुनाव: भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र, किया निःशुल्क कोरोना वैक्सीन लगाने का वादा

बिहार के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि आज से बिहार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी रैली की शुरुआत भी हो रही है, इससे पहले भज अपना संकल्प पत्र जारी किया है।

पटना में संकल्प पत्र जारी करने के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भूपेंद्र यादव सहित अनेक नेता उपस्थित थे। इस दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जब तक कोरोना वैक्सीन नहीं आती है, तब तक मास्क ही वैक्सीन है। लेकिन जैसे ही वैक्सीन आएगी तो भारत में उसका प्रोडक्शन बड़े स्तर पर किया जाएगा।

इस दौरान भाजपा ने संकल्प पत्र में किये वादों को पूरा करने का दावा किया है। भाजपा की ओर से नए नारे भी दिए हैं, जिसमें भाजपा है तो भरोसा है और 5 सूत्र, एक लक्ष्य, 11 संकल्प भी शामिल है।

भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जारी किये संकल्प पत्र में वादा किया है कि हर बिहारवासी को कोरोना वैक्सीन का निशुल्क टीकाकरण करवाना। मेडिकल, इंजीनियरिंग सहित अन्य तकनीकी शिक्षा को हिन्दी भाषा में उपलब्ध कराना। एक साल में पूरे प्रदेश में तीन लाख नए शिक्षकों की भर्ती करना।

इसके अलावा नेक्स्ट जेनरेशन आईटी हब में पांच साल में पांच लाख रोजगार। एक करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का वादा। एक लाख लोगों को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी। 2024 तक दरभंगा एम्स को चालू करवाना।

वहीं धान और गेहूं के बाद दलहन की खरीद भी एमएसपी की दरों पर। 30 लाख लोगों को 2022 तक पक्के मकान देने का वादा। 2 साल में 15 नए प्रोसेसिंग उद्योग लगाने का वादा। 2 साल में मीठे पानी में पलने वाली मछलियों का उत्पादन बढ़ाना तथा किसान उत्पाद संघों की बेहतर सप्लाई चेन बनाना, जिससे 10 लाख रोजगार पैदा होंगे।