आज होगा होलिका दहन, कल खेली जाएगी होली

हिन्दुओं के प्रमुख त्योहारों में होली के त्यौहार का विशेष धार्मिक महत्व होता है, हिन्दू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा की रात्रि ही होलिका दहन किया जाता है। इस बार होलिका दहन आज 9 मार्च को किया जाएगा, जबकि कल 10 मार्च को रंग खेला जायेगा। पौराणिक मान्यता है कि होली से आठ दिन पहले तक भक्त प्रह्लाद को अनेक यातनाएं दी गई थीं। इस अवधि को होलाष्टक कहा जाता है। होलाष्टक में मांगलिक कार्य नहीं होते हैं, कहते हैं कि होलिका दहन के साथ ही सारी नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाती है। वहीं होलाष्टक खत्म होने के साथ ही मांगलिक कार्य भी प्रारंभ हो जाते हैं।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार पूर्णिमा की तिथि का प्रारंभ: 9 मार्च को सुबह 3:03 बजे प्रारंभ होकर 9 मार्च को रात 11:17 बजे तक रहेगी, होलिका दहन का शुभ मुहूर्त शाम 6:26 बजे से रात 8:52 बजे तक रहेगा।