संकल्प वो हो जो भारत के उज्जवल भविष्य के लिये हो: पीएम मोदी

mann ki baat

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 75वीं कड़ी को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं आपका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ कि आपने इतनी बारीक नजर से मन की बात को फॉलो किया है और आप जुड़े रहे हैं। ये मेरे लिए बहुत ही गर्व का विषय है, आनंद का विषय है।

पीएम मोदी ने कहा कि देखिये कितना बड़ा सुखद संयोग है, आज मुझे 75वीं मन की बात करने का अवसर और यही महीना आजादी के 75 साल के अमृत महोत्सव के आरंभ का महीना है। अमृत महोत्सव दांडी यात्रा के दिन से शुरू हुआ था और 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। अमृत महोत्सव से जुड़े कार्यक्रम पूरे देश में लगातार हो रहे हैं, अलग-अलग जगहों से इन कार्यक्रमों की तस्वीरें, जानकारियाँ लोग शेयर कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी स्वाधीनता सेनानी की संघर्ष गाथा हो, किसी स्थान का इतिहास हो, देश की कोई सांस्कृतिक कहानी हो, अमृत महोत्सव के दौरान आप उसे देश के सामने ला सकते हैं। आप देखिएगा कि अमृत महोत्सव ऐसे कितने ही प्रेरणादायी अमृत बिंदुओं से भर जाएगा।

उन्होंने कहा कि आजादी के लड़ाई में हमारे सेनानियों ने कितने ही कष्ट इसलिए सहे, क्योंकि वो देश के लिए त्याग और बलिदान को अपना कर्तव्य समझते थे। उनके त्याग और बलिदान की अमर गाथाएँ अब हमें सतत कर्तव्य पथ के लिए प्रेरित करे।

पीएम मोदी ने कहा कि जैसे गीता में भगवान कृष्ण ने कहा है नियतं कुरु कर्म त्वं कर्म ज्यायो ह्यकर्मण:। उसी भाव के साथ हम सब अपने नियत कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करें। संकल्प वो हों जो देश की भलाई के हों, भारत के उज्जवल भविष्य के लिए हो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष ये मार्च का ही महीना था, देश ने पहली बार जनता कफ्र्यू शब्द सुना था। लेकिन इस महान देश की महान प्रजा की महाशक्ति का अनुभव देखिये, जनता कफ्र्यू पूरे विश्व के लिए एक अचरज बन गया था। अनुशासन का ये अभूतपूर्व उदहारण था।

पीएम मोदी ने कहा कि मिताली जी, हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में दस हजार रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर बहुत-बहुत बधाई दो दशकों से ज्यादा के कैरियर में मिताली राज जी ने हजारों-लाखों को प्रेरित किया है। उनके कठोर परिश्रम और सफलता की कहानी न सिर्फ महिला क्रिकेटरों, बल्कि पुरुष क्रिकेटरों के लिए भी एक प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि इसी मार्च महीने में जब हम महिला दिवस मना रहे थे, तब कई महिला खिलाडिय़ों ने मेडल्स और रिकॉड्र्स अपने नाम किये हैं। इस बीच पीवी सिंधु जी ने बीडब्ल्यूएफ स्विस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल जीता है. आज, शिक्षा से लेकर उद्यमशीलता तक, सैन्य बलों से लेकर साइंस और टेक्नोलॉजी तक, हर जगह देश की बेटियाँ, अपनी, अलग पहचान बना रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मन की बात के दौरान मैंने पर्यटन के विभिन्न पहलुओं पर अनेक बार बात की है, लेकिन, लाइट हाउस, टूरिज्म के लिहाज से यूनिक होते हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारत में भी 71 लाइट हाउस की पहचान की गई है।

पीएम मोदी ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में, नयापन, आधुनिकता, अनिवार्य होती है। भारत के कृषि जगत में आधुनिकता, समय की मांग है। बी फॉर्मिंग भी ऐसा ही एक विकल्प बन कर उभर रहा है। यह देश में शहद क्रांति का आधार बना रही है। बड़ी संख्या में किसान इससे जुड़ रहे हैं। आपको जानकर खुशी होगी कि इतने कम समय में बनासकांठा शहद उत्पादन का प्रमुख केंद्र बन गया है। आज बनासकांठा के किसान शहद से लाखों रुपए सालाना कमा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज तो पूरी दुनिया आयुर्वेद और नेचुरल हेल्थ प्रोडक्ट की ओर देख रही है। ऐसे में शहद की माँग और भी तेजी से बढ़ रही है। मैं चाहता हूँ देश के ज्यादा से ज्यादा किसान अपनी खेती के साथ-साथ बी फार्मिंग से भी जुड़ें। ये किसानों की आय भी बढ़ाएगा।