मप्र भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खंडवा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन

मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और खंडवा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का देर रात दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। 11 जनवरी को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भोपाल के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनकी हालत ज्यादा गंभीर होने के बाद उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नंदकुमार सिंह चौहान की मृत्यु का समाचार ट्वीट करते हुये कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदू भैया ने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया। नंदू भैया की पार्थिव देह आज उनके गृह ग्राम पहुंचेगी। कल हम सब उन्हें विदाई देंगे। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।

उन्होंने कहा कि लोकप्रिय जननेता नंदू भैया, हम सबको छोड़कर चले गये। हमारे सब प्रयास विफल हुए। नंदू भैया के रूप में मध्य प्रदेश भाजपा ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया। मैं व्यथित हूं। नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।