विद्युत कार्मिकों की मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो 3 मार्च से किया जायेगा कार्य बहिष्कार

madhya pradesh

मध्य प्रदेश की विद्युत कंपनियों में कंपनी द्वारा नियुक्त विद्युत कार्मिकों के समानता के अधिकार के लिए पॉवर इंजीनियर्स एवं एम्प्लाईज एसोसिएशन लगातार धरना-प्रदर्शन कर रही है। वहीं कर्मचारियों की मांगो का निराकरण न होने पर 3 मार्च से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जायेगा।

PEEA ने ऊर्जा विभाग प्रदेश सरकार को वार्ता के माध्यम से समाधान के लिए 2 मार्च तक का समय दिया है। PEEA के पदाधिकारियों ने बताया कि विद्युत कंपनियों के युवा विद्युत कार्मिकों के अंदर असमानता एवं भेदभाव के खिलाफ प्रतिदिन आक्रोश बढ़ रहा है।

इससे पहले विद्युत कंपनियों के मुख्यालय शक्तिभवन जबलपुर, इंदौर, भोपाल तथा समस्त विद्युत गृहों, ट्रांसको, पूर्व क्षेत्र, मध्य क्षेत्र एवं पश्चिम क्षेत्र विद्युत कंपनियों के समस्त वृत्तों पर युवा विद्युत कार्मिकों के साथ हो रहे भेदभाव को समाप्त करने तथा समानता के अधिकार के लिए 22 फरवरी को कैंडल मार्च निकाला गया था।

इसके बाद MPPGCL प्रबंधन एवं MPPTCL प्रबंधन से वार्ता हुई थी। संगठन की केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्णय अनुसार ऊर्जा विभाग को वार्ता के माध्यम से मांगों के समाधान हेतु 2 मार्च तक का समय दिया गया है। समाधान न होने की स्थिति में 3 मार्च से समस्त विद्युत कंपनियों में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस बीच 23 फरवरी से प्रतिदिन सायं 5:30 से 6:30 तक 1 घंटे का धरना प्रदर्शन सतत जारी है।