संविधान दिवस पर प्वाइन्ट्समैन रेलकर्मियों का जबलपुर रेलवे स्टेशन पर हल्ला बोल, रेल मजदूर संघ का जंगी प्रदर्शन जारी

प्वाइन्ट्समैन रेल कर्मचारियों की मांगों को लेकर विगत 23 नवम्बर से जारी क्रमिक जंगी प्रदर्शन रोद्र रूप में परिवर्तित होता जा रहा है। संघ के महामंत्री अशोक शर्मा व संघ प्रवक्ता तथा कार्यकारी महामंत्री सतीश कुमार ने बताया कि एनएफआईआर के कार्यकारी अध्यक्ष व संघ के अध्यक्ष डॉ आर.पी. भटनागर के आहवान पर प्वाइन्ट्समेन कर्मचारियों की विभिन्न मांगो को लकर पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर कोटा , भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनो पर कमिक जंगी प्रदर्शन के क्रम में गुरुवार जबलपुर रेलवे स्टेशन पर हल्ला बोल आन्दोलन कर रेल प्रशासन की नींद उड़ा दी।

प्रमुख वक्ता मंडल अध्यक्ष एसएन शुक्ला व मंडल सचिव डीपी अग्रवाल ने रेल प्रशासन को ललकारते हुए कहा कि मजदूर व किसान विरोधी सरकार भारतीय संविधान को दर किनार कर पूँजी पतियो को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मजदूरों के हक में कटौती कर रही है। उन्होंने कहा कि प्वाइंट्समेन समेत सभी कैडरों के कर्मचारियों की लड़ाई को संघ लड़ रहा है और उनके हक़ों के लिए संघ किसी भी हद तक जा सकता है।

कार्यकारी महामंत्री सतीश कुमार व जनरल शाखा सचिव दीना यादव ने कहा कि NFIR-WCRMS के लम्बे संघर्ष के बाद रेल कर्मचारियों की ड्यूटी 12 से 8 घंटे करवाई, परन्तु रेल प्रशासन कोराना की आड़ में पुनः 8 घंटे से 12 घंटे ड्यूटी करने की साजिश कर रहा है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाशत नहीं किया जाएगा।

आरएण्डएम शाखा सचिव एसआर बाउरी व मुख्य शाखा सचिव आरए सिंह ने रेल प्रशासन पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्टेशन स्टॉफ को प्रताड़ित कर घंटो की ड्यूटी बिना रेस्ट के करवाई जा रही है तथा रिक्त पदों को भरने के बजाय तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।

हल्ला बोल प्रदर्शन में गगनभेदी नारो के साथ स्टेशन पर कार्यरत विभिन्न केटेगरी के रेल कर्मचारी व संघ कार्यकर्ताओ ने जमकर आकोश व्यक्त किया ।

प्रर्दशन के दौरान संघ के अवधेश तिवारी, महिला महामंत्री सविता त्रिपाठी, संतोष त्रिवेणी, एस.के. श्रीवास्व, हर्ष वर्मा, एसपी त्रिपाठी, संदीप श्रोती, श्याम अर्क, धर्मेन्द्र चौधरी, विजय दुबे, मुकेश दास, मंतोष कुमार आदि उपस्थित रहे।