हॉकी वर्ल्ड कप- भारत का विजयी आग़ाज़

14वें हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 5-0 गोल से हराकर टूर्नामेंट का विजयी आग़ाज़ किया है। आज भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 5-0 के बड़े अंतर से मात दी।
भारत के लिए सिमरनजीत सिंह ने दो गोल किए, वहीं मंदीप सिंह, आकाशदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने एक-एक गोल कर भारत को शानदार जीत दिलाई। भारत ने इस जीत के साथ ही ग्रुप सी में पहला स्थान हासिल कर लिया है, भारत और बेल्जियम दोनों के ही ग्रुप में 3-3 अंक हैं। इसके साथ ही भारतीय टीम बेहतर गोल औसत के कारण पहले स्थान पर है।