अंग्रेजी के लेखक अमिताव घोष को ज्ञानपीठ पुरस्कार देने की घोषणा

अंग्रेजी भाषा के सुप्रसिद्ध साहित्यकार अमिताव घोष को इस साल का ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया जाएगा। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित होने वाले वह अंग्रेजी के पहले लेखक हैं। प्रतिभा रॉय की अध्यक्षता में आयोजित ज्ञानपीठ चयन समिति की बैठक में अंग्रेजी के लेखक अमिताव घोष को वर्ष 2018 का 54वां ज्ञानपीठ पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया। देश के सर्वोच्च साहित्य सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार के रूप में अमिताव घोष को पुरस्कार स्वरूप 11 लाख रुपये की राशि, वाग्देवी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा।
अमिताव घोष देश के सर्वोच्च साहित्य पुरस्कार से सम्मानित होने वाले अंग्रेजी के पहले लेखक हैं। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 1956 को जन्में अमिताव घोष को लीक से हटकर काम करने वाले रचनाकार के तौर पर जाना जाता है। अमिताव घोष की प्रमुख रचनाओं में द सर्किल ऑफ रीजन, द शेडो लाइन, द कलकत्ता क्रोमोसोम, द ग्लास पैलेस, द हंगरी टाइड, रिवर ऑफ स्मोक और फ्लड ऑफ फायर प्रमुख हैं।