Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयराष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष बनीं विजया रहाटकर

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष बनीं विजया रहाटकर

नई दिल्ली (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने विजया रहाटकर को राष्ट्रीय महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे वर्ष 2016 से 2021 तक महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की भी अध्यक्ष रही हैं। मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक रहाटकर को इस पद पर तीन साल या 65 वर्ष की आयु तक (जो भी पहले हो), नियुक्त किया गया है। वे आयोग की 9वीं अध्यक्ष होंगी।

रहाटकर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रही हैं। महाराष्ट्र महिला आयोग में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सक्षमा (एसिड अटैक पीड़ितों के लिए सहायता), प्रज्ज्वला (स्वयं सहायता समूहों को केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़ना) और सुहिता (महिलाओं के लिए 24×7 हेल्पलाइन सेवा) की शुरुआत की थी। उन्होंने पॉक्सो एक्ट, तीन तलाक विरोधी सेल और मानव तस्करी विरोधी इकाइयों जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कानूनी सुधारों पर भी काम किया। उन्होंने डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम शुरू किए और महिलाओं के मुद्दों को समर्पित साद नामक एक प्रकाशन शुरू किया।

वर्ष 2007 से 2010 तक छत्रपति संभाजीनगर की मेयर के रूप में रहाटकर ने स्वास्थ्य देखभाल और बुनियादी ढांचे से संबंधित महत्वपूर्ण विकासात्मक परियोजनाओं को लागू किया। उन्होंने कई किताबें लिखी हैं, जिनमें ‘विधिलिखित’ (महिलाओं के कानूनी मुद्दों पर) और ‘औरंगाबाद: लीडिंग टू वाइड रोड्स’ शामिल हैं। महिला सशक्तीकरण में उनके योगदान ने उन्हें पहचान दिलाई है, जिसमें राष्ट्रीय कानून पुरस्कार और राष्ट्रीय साहित्यिक परिषद से सावित्रीबाई फुले पुरस्कार शामिल हैं।

Related Articles

Latest News