Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशइन्वेस्टर्स मीट से तीन लाख 75 हजार करोड़ के मिले हैं निवेश...

इन्वेस्टर्स मीट से तीन लाख 75 हजार करोड़ के मिले हैं निवेश के प्रस्ताव: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा एयरपोर्ट से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहडोल संभाग के उद्योगपतियों से संवाद किया। शहडोल में 16 जनवरी को आयोजित हो रही रीजनल इन्वेस्टर्स मीट के संबंध में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए बड़ी संख्या में निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। अब तक तीन लाख 75 हजार करोड़ से अधिक के प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनसे लगभग 84 हजार रोजगार के सृजन की संभावना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहडोल संभाग में भी अब तक 20 हजार करोड़ के प्रस्ताव मिले हैं। हमारे लिए 10 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव अथवा एक करोड़ का , दोनों समान हैं। संभाग के तीनों जिलों के कलेक्टर आगामी दो दिनों में स्टार्ट-अप के लिए नए उद्यमियों को तैयार करें। यह वर्ष प्रदेश में उद्योग और रोजगार वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इन्वेस्टर्स मीट से इसके लक्ष्यों की प्राप्ति होगी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 फरवरी को भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट का शुभारंभ करेंगे। यह प्रदेश के विकास के साथ-साथ हमारे लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति पूरे प्रदेश में महिला सशक्तिकरण दिवस के रूप में मनाई जा रही है। आप सबको मैं मकर संक्रांति की बधाई देता हूं। आज जलशक्ति योजना के तहत उज्जैन में जल संरक्षण के बड़े कार्य का शुभारंभ किया गया है। जल संरक्षण इस समय की सबसे बड़ी आवश्यकता और हम सबकी जिम्मेदारी है। हर गांव और खेत में पानी की सुविधा मिलने पर पूरा प्रदेश समृद्ध हो जाएगा।

Related Articles

Latest News