Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी जेनको क्रि‍केट लीग के फाइनल में होगी लीजेन्ड्स और रॉयल्स की...

एमपी जेनको क्रि‍केट लीग के फाइनल में होगी लीजेन्ड्स और रॉयल्स की भ‍िड़ंत

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के तत्वावधान में आयोजित जेनको क्रि‍केट लीग के फाइनल में लीजेन्ड्स व रॉयल्स इलेवन पहुंच गईं। आज रामपुर परिसर स्थि‍त पाण्डुताल मैदान में  पहले सेमीफाइनल मैच में लीजेन्ड्स ने ट्राफी की प्रबल दावेदार चार्जर्स को 8 विकेट से और दूसरे सेमीफाइनल में रॉयल्स ने वॉरियर्स को 7 वि‍केट से पराजित कर दिया।

पहले सेमीफाइनल मैच में चार्जर्स के कप्तान विनीत त्रिपाठी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय किया। उनका निर्णय आशानुकूल नहीं रहा और दो विकेट सिर्फ 11 रन पर ही गिर गए। इसके बाद प्रशांत कवाडकर सफल रहे और उन्होंने सर्वाध‍िक 27 रन का योगदान दिया। चार्जर्स के कप्तान विनीत त्रिपाठी बल्लेबाजी में असफल रहे। कमल 19 रन बनाकर अच्छा खेल रहे थे लेकिन चोटिल होकर वे रिटायर हो गए। शेष बल्लेबाज एक या दो रनों का योगदान दे सके। चार्जर्स की टीम निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट गवां कर 78 रन ही बना पायी। लीजेन्ड्स की ओर से अंकित एडविन ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 3 विकेट और कप्तान प्रशांत सिंह भदौरिया ने 2 विकेट लिए।

जवाबी पारी खेलने उतरी लीजेन्ड्स के समक्ष 78 रन कोई बड़ा लक्ष्य नहीं था। जब उनका स्कोर 22 रन था तब दो विकेट गिर चुके थे लेकिन प्रशांत सिंह भदौरिया व अंकित एडविन ने संभल कर खेलते हुए अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशांत सिंह भदौरिया 18 व अंकित एडविन 44 रन बनाकर नाबाद रहे। चार्जर्स के सभी गेंदबाज आज प्रभावहीन रहे। अंकित एडविन को उनके हरफनमौला खेल के कारण मेन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के अंपायर सुबोध धांडे व संदीप बर्मन रहे।

सुहेल की कप्तानी पारी से रॉयल्स पहुंची फाइनल में-दूसरे सेमीफाइनल मैच में रॉयल्स इलेवन के कप्तान सुहेल ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। रॉयल्स का यह निर्णय उस समय सही नहीं दिखा जब वॉरियर्स के सलामी बल्लेबाज कुशल जैन व कमलेश केवट ने पहले विकेट की साझेदारी में 5.7 ओवर में 57 रन जोड़ लिए। 10 वें ओवर में जब कमलेश केवट 52 रन बनाकर आउट हुए तब तक वॉरियर्स की टीम 10 ओवर में 98 रन बना चुकी थी। इसके बाद नितिन नागवंशी ने अपनी टीम के लिए बहुमूल्य 20 जोड़े। वॉरियर्स की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए। रॉयल्य इलेवन की ओर से विक्रम बनाफर ने दो विकेट लिए।

जवाबी पारी खेलने उतरी रॉयल्स इलेवन के बल्लेबाज करो या मरो की नीति से मैदान में उतरे। रॉयल्स ने विजयी लक्ष्य 3 विकेट खोकर 9 ओवर में हासिल कर लिया। रॉयल्स इलेवन के सुहेल ने आज कप्तानी पारी खेलते हुए शानदार नाबाद 54 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज हरीश 27 रन बनाकर पारी को सुदृढ़ता दी। सुभांशू मीना का योगदान 14 रन का रहा। पिछले मैचों के सफल गेंदबाज के. विनय राव आज सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने दो ओवर में 39 रन और नितिन नागवंशी ने एक ओवर में 22 रन दिए। सुहेल को तूफानी पारी खेलने के लिए मेन ऑफ द मैच चुने गए। मैच के अंपायर संजय झरबड़े व तरुण विजयकर रहे। 

जेनको क्रि‍केट लीग का फाइनल मैच में दोपहर 2 बजे लीजेन्ड्स व रॉयल्स इलेवन के मध्य खेला जाएगा। इसके पूर्व महिला कार्मिकों की टीमों वंडर वुमेन्स व पावर एंजेल्स के मध्य मैच दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। समापन व पुरस्कार वितरण समारोह शाम 4 बजे से होगा।

Related Articles

Latest News