Homeमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश का मौसम: आज और कल तापमान में वृद्धि के आसार, 18...

मध्यप्रदेश का मौसम: आज और कल तापमान में वृद्धि के आसार, 18 फरवरी से लौट सकती है ठंड

मध्यप्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले एक-दो दिन जहां तापमान में आई गिरावट के बाद ठंड का असर दिखाई दिया, वहीं मौसम विभाग ने आज शनिवार और कल रविवार को तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले दो-तीन दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा और तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी, हालांकि सुबह और रात में ठंड का एहसास होगा।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय था, इस कारण प्रदेश में ठंड का असर देखने को मिला, लेकिन यह सिस्टम अब निष्क्रिय हो गया है, जिस वजह से तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों जबलपुर में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसी तरह राजधानी भोपाल में 28.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 29.1 डिग्री सेल्सियस तथा ग्वालियर में 29.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार 17 फरवरी से पश्चिमी हिमालय की ओर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसकी वजह से मंगलवार 18 फरवरी से प्रदेश में दिन-रात के तापमान में फिर से गिरावट आने का अनुमान है, जो अगले तीन से चार दिन तक रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार फरवरी में कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते हैं। जिसकी वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव होता है। फिलहाल बारिश होने के आसार नहीं है। वहीं आज 15 फरवरी को दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। रात और सुबह के समय ठंडक बनी रहेगी। वहीं कल रविवार 16 फरवरी को दिन-रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Related Articles

Latest News