रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2025 के पहले क्वालिफायर में पंजाब किंग्स को हराकर नौ साल बाद फाइनल में जगह बना ली है। जीत के लिए मिले 102 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने महज 10 ओवर में 106/2 रन बनाकर हासिल कर लिया और फाइनल में प्रवेश कर लिया है। आरसीबी ने क्वालीफायर-1 में पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराया।
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आरसीबी के बॉलर्स की घटक गेंदबाजी के आगे पंजाब किंग्स के बल्लेबाज टिक नहीं पाए और पूरी टीम सिर्फ 101 रनों पर सिमट गई। आरसीबी ने इस टारगेट को आसानी से 10 ओवर्स में ही हासिल कर लिया।
पंजाब किंग्स के लिए मार्कस स्टॉयनिस ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन सिंह और अजमतुल्लाह ओमरजई ने 18-18 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। आरसीबी के लिए सुयश और हेजलवुड ने तीन-तीन विकेट लिए।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के बल्लेबाज विराट कोहली 12 रन और मयंक अग्रवाल 19 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन फिल साल्ट क्रीज पर टिके रहे और उन्होंने अर्धशतक जड़कर टीम को जीत दिला दी। पंजाब के सभी गेंदबाज बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। फिल साल्ट ने मैच में 56 रनों की पारी खेली। कप्तान पाटीदार ने छक्का जड़कर टीम को फाइनल में पहुंचाया है। उन्होंने कुल 15 रन बनाए।
आरसीबी ने आईपीएल के फाइनल में चौथी बार जगह बनाई है। इससे पहले टीम ने 2009, 2011 और 2016 के आईपीएल फाइनल खेले थे, लेकिन तीनों ही बार टीम खिताब हासिल नहीं कर पाई थी। अब आरसीबी फिर फाइनल में पहुंची है और इससे सभी की उम्मीदें बंध गई हैं कि यह टीम खिताब जीत सकती है। मौजूदा सीजन में रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई थी।











