द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाई पर ले जाते हुए भारत और ब्रिटेन ने व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। द्विपक्षीय आर्थिक एवं व्यापार सहयोग की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम है।
समझौते पर हस्ताक्षर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान हुए। ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने के बाद उसका यह सबसे उल्लेखनीय आर्थिक एवं व्यापार समझौता है। समझौते से दोनों देशों में आर्थिक विकास और रोजगार से जुड़े ढेरों नए अवसर पैदा होंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टॉर्मर से लन्दन में मुलाकात की। वार्ता के बाद साझा वक्तव्य में दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते को ऐतिहासिक बताया। दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि इस सहमति से दोनों ही देशों में आर्थिक प्रगति के नए अवसर पैदा होंगे।
पीएम मोदी ने इस अवसर को द्विपक्षीय संबंधों में ऐतिहासिक दिन बताया। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए और करीब आएंगे।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते को दोनों देशों के हित में बताया। ब्रिटेन के पीएम ने इसे ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने के बाद का सर्वाधिक उल्लेखनीय समझौता करार दिया।
प्रधानमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले की कठोर निंदा के लिए ब्रिटेन के पीएम का आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश एकमत हैं कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंडों का कोई स्थान नहीं है।











