Thursday, October 22, 2026
Homeमध्य प्रदेशभोपाल से आईएसआईएस से जुड़ा आतंकी गिरफ्तार, IED ब्लास्ट की थी...

भोपाल से आईएसआईएस से जुड़ा आतंकी गिरफ्तार, IED ब्लास्ट की थी प्लानिंग

(हि.स.)। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने इस्लामिक स्टेट्स ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) से जुड़े एक आतंकी को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के करोंद इलाके से गिरफ्तार किया है। दिल्ली के सादिक नगर से भी एक आतंकी पकड़ा गया है। दोनों मिलकर दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में एक बड़ा धमाका करने की साजिश रच रहे थे।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार को आईएसआईएस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। बताया गया है कि दोनों आतंकियों को फिदायीन हमले की ट्रेनिंग दी जा रही थी और उनका निशाना दिल्ली था। आतंकियों के पास से संदिग्ध सामान भी बरामद हुआ है। फिलहाल दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम दोनों से पूछताछ कर रही है।

दोनों आतंकी आईईडी धमाका करने की रच रहे थे साजिश 

पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय अदनान उर्फ अबु मुहारिफ को दिल्ली से और अदनान खान उर्फ अबु मोहम्मद 21 साल को भोपाल से पकड़ा है। भोपाल के अदनान को उत्तर प्रदेश की एटीएस पहले भी पकड़ चुकी है। उसने 2024 में ज्ञानवापी मामले की सुनवाई कर रहे जज को मारने की धमकी दी थी। दोनों आतंकी आईईडी धमाका करने की साजिश रच रहे थे और उन्होंने ने दिल्ली में कुछ स्थानों की रेकी भी की थी। दोनों के पास से बम का टाइमर सेट करने के लिए घड़ी, लैपटाप में बम बनाने के वीडियो, आईएसआईएस का झंडा, उसकी ड्रेस भी मिली है। इसके साथ ही एक स्थान की फोटो भी मिली है, जहां पर ये धमाका करने की तैयारी में थे।

भोपाल के करोंद क्षेत्र से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अदनान को दीपावली पहले गिरफ्तार किया था। वह सीए की तैयारी भी कर रहा था और आईएसआईएस का समर्थन करे वाले एक व्हॉट्स एप ग्रुप में सक्रिय था। जानकारी के मुताबिक पहले इसका परिवार अशोका गार्डन इलाके में रहता था, कुछ दिन पहले ही यह करोंद में शिफ्ट हुए थे। यह सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली में बैठे अपने साथी से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने दिल्ली में पहले एक आतंकी को पकड़ा था, जब उसके सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले गए तो भोपाल में इसके दूसरे साथी का पता चला।

हालांकि भोपाल में पड़ोसी ज्योति अमकरे ने बताया कि वे सैयद अदनान को अच्छे से जानते हैं। वह कभी संदिग्ध नहीं लगा। अदनान पढ़ने वाला बच्चा है और इस बार मेरिट में आया था। उसके 88 प्रतिशत आए थे। वह सीए की तैयारी कर रहा था। उनके घर में साफ-सुथरा माहौल है। पिता फैक्टरी में हैं और मां गृहिणी हैं। उन्हें यहां रहते 6 साल हो गए हैं। ये किराए का मकान है।

भोपाल से पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं आतंकी

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इसके पहले भी आतंकी संगठन से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ये युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें भड़काते थे। प्रदेश का मालवा प्रांत सिमी का गढ़ रहा है, यहां से सबसे ज्यादा इनके सदस्यों की गिरफ्तारी भी हुई है। इसी साल सितंबर में स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था, जिसमें कई राज्यों से पांच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था।

सभी आरोपितों की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच थी और उन्हें दिल्ली, झारखंड, तेलंगाना और मध्य प्रदेश से पकड़ा गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान झारखंड के बोकारो निवासी अशर दानिश (23), मुंबई के आफताब कुरैशी (25), महाराष्ट्र के मुंब्रा निवासी सूफियान अबुबकर खान (20), तेलंगाना के निजामाबाद निवासी मोहम्मद हुजैफ यमन (20) और मध्य प्रदेश के राजगढ़ निवासी कामरान कुरैशी (26) के रूप में हुई थी। इन आतंकियों से मिले इनपुट के आधार पर ही देशभर में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल लगातार कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Latest News