Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशभोपाल के केरवा डैम के ब्रिज का स्लैब गिरा, हादसे के बाद...

भोपाल के केरवा डैम के ब्रिज का स्लैब गिरा, हादसे के बाद रास्ता बंद

भोपाल,(हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के केरवा डैम में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। डैम के गेट के ऊपर बना सीमेंट कंक्रीट का स्लैब अचानक गिर गया। हादसे के वक्त ऊपर से कोई व्यक्ति नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने डैम क्षेत्र में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और डैम के तकनीकी हिस्से की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, केरवा डैम के 8 गेटों के ऊपर बना कंक्रीट स्लैब मंगलवार दोपहर अचानक ढह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्लैब गिरने से तेज आवाज हुई जिसके बाद आसपास मौजूद कर्मचारियों ने फौरन डैम प्रबंधन को सूचित किया। घटना के समय कोई व्यक्ति वहां से नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। पुलिस ने डैम की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी है ताकि कोई व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र के पास न पहुंचे। विभाग के इंजीनियरों ने कहा है कि स्लैब के गिरने के कारणों का पता लगाने के लिए संरचनात्मक जांच कराई जाएगी।

बता दें कि केरवा डैम भदभदा डैम से पहले बनाया गया था। जहां भदभदा डैम का निर्माण वर्ष 1965 में हुआ, वहीं केरवा डैम इससे लगभग 40 साल पुराना बताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है, और पूरे स्ट्रक्चर की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मरम्मत पूरी होने तक डैम क्षेत्र में अनावश्यक रूप से न जाएं।

Related Articles

Latest News