Thursday, April 30, 2026
Homeराष्ट्रीयरेल मंत्री ने जैसलमेर–दिल्ली के बीच ‘स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस’ रेल सेवा को...

रेल मंत्री ने जैसलमेर–दिल्ली के बीच ‘स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस’ रेल सेवा को दिखाई हरी झंडी

(हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शनिवार को जैसलमेर स्टेशन से जैसलमेर–दिल्ली (शकूर बस्ती) नई रेल सेवा की उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सार्वजनिक मांग के मद्देनज़र इस नई एक्सप्रेस ट्रेन का नाम ‘स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस’ घोषित किया गया।

नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से जैसलमेर, रामदेवरा, जोधपुर, मकराना, जयपुर और अलवर सहित पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख शहर अब राष्ट्रीय राजधानी से और बेहतर रेल संपर्क से जुड़ जाएंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही चिकित्सा, शिक्षा और अन्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। स्थानीय निवासियों, छात्रों, व्यवसायों तथा पर्यटकों को इससे सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय रेल तेज गति से प्रगति कर रही है और हर दिन नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में वर्तमान में लगभग 55 हजार करोड़ रुपये के रेलवे विकास कार्य प्रगति पर हैं।

Railway Minister flags off ‘Swarna Nagari Express’ train service between Jaisalmer and Delhi सीमावर्ती क्षेत्रों में रेल संपर्क बढ़ाने के लिए अनूपगढ़–खाजूवाला–बीकानेर–जैसलमेर–बाड़मेर से भाभर तक नई लाइन के प्रस्ताव पर तेजी से कार्य हो रहा है, जो आमजन के साथ ही सुरक्षा बलों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से पहले राजस्थान के लिए वार्षिक बजट आवंटन केवल लगभग 680 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 10 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि रामदेवरा–पोकरण नई रेल लाइन बनने के बाद पोकरण स्टेशन पर सभी ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा जैसलमेर स्टेशन पर दूसरा प्रवेश द्वार तथा कोचिंग डिपो के शीघ्र निर्माण के निर्देश भी दिए गए।

वैष्णव ने बताया कि जैसलमेर स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य 140 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हो चुका है, जबकि राजस्थान के 85 स्टेशनों के पुनर्विकास पर लगभग चार हजार करोड़ रुपये का निवेश जारी है। राज्य में रेल संरचना के सुदृढ़ीकरण के परिणामस्वरूप छह जोड़ी वंदे भारत, एक जोड़ी अमृत भारत सहित कई नई सेवाएं शुरू हुई हैं। पिछले छह महीनों में कुल आठ नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है।

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी और विधायक छोटू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नई रेल सेवा और रेलवे विकास कार्यों के लिए वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Latest News