जबलपुर। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री का ध्यानाकर्षण करते हुए कहा है कि 22 नवंबर 2025 को एसआईआर का कार्य कर रहे दमोह जिला के ग्राम पठारी के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक और बीएलओ सीता राम का निधन हो गया था, जिसके बाद कलेक्टर के द्वारा उनके पुत्र अंकेश सिंह को 5 दिन में अनुकंपा नियुक्ति दे दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की विद्युत वितरण कंपनियों में भी सन 2000 से 2012 तक की अवधि में सेवाकाल के दौरान मृत हुए सभी बिजली कर्मियों के अनुकंपा आश्रितों को प्रदेश सरकार की अनुकंपा नीति के अनुसार बिना शर्त नियुक्ति दी जानी चाहिए, क्योंकि ऊर्जा विभाग की अनुकंपा नीति बहुत ही विसंगतिपूर्ण है और इससे मौत का बंटवारा होता है।
संघ के शंभूनाथ सिंह, असलम खान, अजय तोमर, बीपी सिंह, रामायण मिश्रा, आजाद खान, विपतलाल विश्वकर्मा, हेमराज पटेल, एसके मौर्य, केएन लोखंडे, अजय कश्यप, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, लखन सिंह राजपूत, विनोद दास, इंद्रपाल सिंह, राकेश नामदेव आदि ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री से मांग की है कि बिजली कंपनियों की अनुकंपा नियुक्ति निरस्त कर ऊर्जा विभाग में भी प्रदेश सरकार की अनुकंपा नीति लागू की जाए।











