Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयICG बल ने बांग्लादेशी ट्रॉलर पकड़ा, 15 मछुआरे गिरफ्तार

ICG बल ने बांग्लादेशी ट्रॉलर पकड़ा, 15 मछुआरे गिरफ्तार

(हि.स.)। सोमवार सुबह बंगाल की खाड़ी में गश्त के दौरान भारतीय तटरक्षक बल ने बांग्लादेश के एक ट्रॉलर को भारतीय जलसीमा में घुसते हुए पकड़ लिया। ट्रॉलर में कुल 15 मछुआरे थे। पूछताछ के बाद सभी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, सुबह गश्त के दौरान तटरक्षक बल ने एक संदिग्ध ट्रॉलर को देखा। तटरक्षक बल की स्पीड बोट ने उसे पीछा कर रोका। पूछताछ में पता चला कि ट्रॉलर बांग्लादेश का है। इसके बाद 15 मछुआरों को हिरासत में लिया गया और ट्रॉलर सहित उन्हें दक्षिण 24 परगना के फ्रेजरगंज लाया गया।

फ्रेजरगंज तटीय थाना पुलिस ने सभी मछुआरों को अवैध घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए बांग्लादेशी ट्रॉलर का नाम एफबी अल्ला मालिक है।

सुन्दरबन मछुआरा संघ के सचिव सतिनाथ पात्र ने बताया कि सर्दियों में भारतीय जलसीमा में एक खास तरह की मछली मिलती है जिसकी बांग्लादेश में काफी मांग है। इसी कारण बांग्लादेशी ट्रॉलर बार-बार भारतीय सीमा का उल्लंघन करते हैं। पिछले दिनों भी कई बार ऐसे ट्रॉलर पकड़े गए हैं। अब तटरक्षक बल विशेष निगरानी रख रहा है, जिसके चलते लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं।

नवंबर में भी कई बांग्लादेशी ट्रॉलर भारतीय पानी में घुस आए थे और अनेक मछुआरे पकड़े गए थे। इसके बाद से बंगाल की खाड़ी में निगरानी और बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अवैध घुसपैठ रोकी जा सके।

इसके अलावा, इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल के काकद्वीप से निकले कुल 62 भारतीय मछुआरे गहरे समुद्र में हिल्सा की तलाश में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेशी जलसीमा में चले गए थे। इनमें से एक मछुआरे की बांग्लादेश की जेल में मृत्यु भी हो गई थी। शेष 61 मछुआरों के परिवार आज भी चिंता और अनिश्चितता में जी रहे हैं।

Related Articles

Latest News