Friday, September 11, 2026
Homeमध्य प्रदेशरविवार को होगा साल का सबसे छोटा दिन और सबसे लंबी रात

रविवार को होगा साल का सबसे छोटा दिन और सबसे लंबी रात

भोपाल,(हि.स.)। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए रविवार, 21 दिसंबर का दिन बेहद खास होने जा रहा है। इस दिन आप दिन के काम जल्‍दी निपटा लें।

क्योंकि यह दिन जल्‍दी बीतेगा। दरअसल, रविवार का दिन इस साल का सबसे छोटा और रात इस साल की सबसे लंबी होगी।

मध्य प्रदेश की नेशनल अवार्ड प्राप्‍त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने शनिवार को इस खगोलीय घटना की जानकारी देते हुए बताया कि खगोल विज्ञान की भाषा में इस घटना को विंटर सोल्स्टिस कहा जाता है, जिसमें रविवार को सूर्य की किरणें मकर रेखा पर लबंवत होने जा रही हैं।

यह स्थिति भारतीय समयानुसार रात 8 बजकर 33 मिनिट पर होगी। इस समय के बाद सूर्य की कर्क रेखा की ओर उत्‍तरायण यात्रा आरंभ होगी।

सारिका ने इस घटना का वैज्ञानिक कारण बताया कि पृथ्‍वी अपने अक्ष पर साढ़े तेईस डिग्री झुकी हुई सूर्य की परिक्रमा कर रही है । इस परिक्रमा के दौरान आज उत्‍तरी गोलार्द्ध सूर्य से अपनी अधिकतम दूरी पर है। इस समय उत्‍तरी गोलार्द्ध पर सूर्य की किरणें तिरछी पड़ती हैं । आज के बाद धीरे-धीरे दिन बड़े होने लगेंगे।

उन्होंने बताया कि रविवार का छोटा दिन भी अलग–अलग स्‍थानों के लिये अलग-अलग अ‍वधि का होगा। जहां मध्‍य प्रदेश के नगरों मे यह लगभग 10 घंटे 44 मिनिट होगा तो उत्‍तर भारत के नगरों मे यह और भी अधिक छोटा होगा। वहीं दक्षिण भारत में यह मध्‍यप्रदेश के नगरो से अधिक लंबा होगा। तो तैयार हो जाइए संडे की सबसे लंबी रात और छोटा दिन मनाने के लिए।

दिन रहेगा छोटा रात लंबी

रायसेन-सूर्यादय सुबह 06:55 – सूर्यास्‍त शाम 5:37, दिन की अवधि – 10 घंटे 42 मिनट 04 सेकेंड

भोपाल- सूर्यादय सुबह 06:57 – सूर्यास्‍त शाम 5:39, दिन की अवधि – 10 घंटे 42 मिनट 21 सेकेंड

उज्‍जैन- सूर्यादय सुबह 07:03 – सूर्यास्‍त शाम 5:46, दिन की अवधि – 10 घंटे 42 मिनट 40 सेकेंड

नर्मदापुरम- सूर्यादय सुबह 06:54 – सूर्यास्‍त शाम 5:39, दिन की अवधि – 10 घंटे 44 मिनट 25 सेकेंड

हरदा- सूर्यादय सुबह 06:56 – सूर्यास्‍त शाम 5:42, दिन की अवधि – 10 घंटे 46 मिनट 06 सेकेंड

बैतूल- सूर्यादय सुबह- 06:52 – सूर्यास्‍त शाम 5:40, दिन की अवधि – 10 घंटे 47 मिनट 49 सेकेंड

Related Articles

Latest News