जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित संचालित किशोर सशक्तिकरण सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम सृजन वरिष्ठ बुनियादी हाई स्कूल पनागर के प्रांगण में कार्यक्रम के नौवें दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में किशोर-किशोरियों को जुम्बा डांस अभ्यास, मार्शल आर्ट, सहित अन्य विधाओं के बारे में बताया गया।
जबलपुर पुलिस एवं जनसाहस सामाजिक संस्था की संयुक्त पहल के अंतर्गत कार्यक्रम के दौरान जनसाहस संस्था से राजू चौधरी एवं सुश्री कंचन कोरी द्वारा इंडोर क्लास में किशोर-किशोरियों को महिला हिंसा रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी प्रदान की गई।
इसमें घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम तथा कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीडऩ (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए वर्तमान मुद्दों एवं चुनौतियों पर प्रतिभागियों को आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे हेतु प्रेरित किया गया।
रक्षित केन्द्र में पदस्थ उप निरीक्षक सुनीता पंच द्वारा किशोर-किशोरियों को जुम्बा डांस अभ्यास, आरक्षक धीरू सिंह एवं आरक्षक तारा सैयाम द्वारा मार्शल आर्ट प्रशिक्षण के अंतर्गत अटैक पंच, लोवर पंच, मिडिल पंच, अपर पंच एवं साइड पंच का अभ्यास कराते हुये पंचों के सही उपयोग, तकनीक, पावर वॉक की तैयारी तथा आत्मरक्षा के व्यावहारिक पहलुओं की बारीकी से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनसाहस टीम से सुश्री नंदिनी सूर्यवंशी सहित किशोर-किशोरियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने सकारात्मक सोच के साथ अपने जीवन के लक्ष्य साझा किए तथा आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के संकल्प को दोहराया।
सृजन कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में आत्मविश्वास, कानूनी जागरूकता एवं आत्मरक्षा कौशल विकसित कर उन्हें सुरक्षित एवं सशक्त नागरिक बनाना है।











