Thursday, April 30, 2026
Homeमध्य प्रदेशआईएएस क्षितिज सिंघल बने इंदौर नगर निगम के नए कमिश्नर

आईएएस क्षितिज सिंघल बने इंदौर नगर निगम के नए कमिश्नर

मध्य प्रदेश प्रशासनिक सेवा में एक अहम बदलाव करते हुए 2014 बैच के आईएएस अधिकारी क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने इस संबंध में शनिवार काे आदेश जारी कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि वे आज ही अपना कार्यभार संभाल लेंगे। क्षितिज सिंघल को एक तेजतर्रार अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उनकी पत्नी शीतला पटले भी आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सिवनी की कलेक्टर के रूप में पदस्थ हैं।

क्षितिज सिंघल वर्तमान में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीएमकेवीवीसीएल) के प्रबंध संचालक (एमडी) के पद पर कार्यरत हैं। क्षितिज सिंघल इससे पहले उज्जैन नगर निगम के आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उज्जैन में उनके कार्यकाल को प्रशासनिक सख्ती, विकास कार्यों की गति और नगरीय व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जाना जाता है।

प्रशासनिक हलकों में क्षितिज सिंघल को एक सख्त और बेबाक अधिकारी माना जाता है। बताया जाता है कि कई बार उनकी कार्यशैली नेताओं से मेल नहीं खा पाती। नगर निगम में उनके अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें प्रदेश के सबसे बड़े नगर निगमों में से एक इंदौर की जिम्मेदारी सौंपी है।

शुक्रवार रात दिलीप कुमार यादव के तबादले के बाद शनिवार को क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया। बता दें कि इंदौर नगर निगम में शुक्रवार को ही 3 आईएएस अधिकारियों आकाश सिंह, प्रखर सिंह और आशीष पाठक की अपर आयुक्त के रूप में नियुक्ति की गई। वहीं नगर निगम में अब तक जितने आयुक्त पदस्थ रहे हैं उसमें पूर्व आयुक्त दिलीप कुमार यादव का कार्यकाल सबसे छोटा रहा।

उनकी पदस्थापना 9 सितंबर को की गई थी। इस हिसाब से मात्र 4 महीने ही वह नगर निगम के आयुक्त रहे हैं। दिलीप यादव के साथ ही अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया और निगम के जल कार्य विभाग में पिछले 12 सालों से जमे प्रभारी अधीक्षण यंत्री संजीव श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया था।

Related Articles

Latest News