जबलपुर. मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) के नवनियुक्त 16 सहायक अभियंताओं (प्लांट) व केमिस्ट के प्रथम बैच का का 6 सप्ताह का प्रशिक्षण राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई) नागपुर में प्रारंभ हुआ।
छह सप्ताह के प्रशिक्षण में सहायक अभियंताओं को थर्मल व हाइड्रो पावर प्लांट के ऑपरेशन व मेंटेनेंस का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। अभियंताओं को दो सप्ताह का विशेष सुपर-क्रिटिकल सिम्युलेटर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। केमिस्ट को प्रशिक्षण के अंतर्गत जल रसायन, कोल टेस्टिंग, पर्यावरण कारकों का परीक्षण आदि का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत में एनपीटीआई नागपुर के प्रमुख निदेशक रामचन्द्र उकिरदे ने कहा कि सत्र का पाठ्यक्रम इस प्रकार तैयार किया गया है कि सहायक अभियंता ताप व जल विद्युत गृहों के संचालन व संधारण के कार्यों में समान रूप से महारत हासिल कर सकेंगे। प्रशिक्षण में सहायक अभियंताओं व केमिस्ट को विद्युत उत्पादन की नई तकनीक के साथ पर्यावरण की बारीरकियों व मापदंडों से परिचित करवाया जाएगा।
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के अधीक्षण अभियंता प्रशिक्षण डा. अशोक तिवारी ने MPPGCL के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह के संदेश का वाचन कर प्रशिक्षण की सफलता की शुभकामना दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को कंपनी के परिचय के साथ महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। कार्मिक अधिकारी वर्तिका गुरबानी ने कंपनी की संगठन संरचना व कर्मचारी कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन एनपीटीआई के सहायक निदेशक शशांक शुक्ला ने किया।











