जबलपुर। एमपी के जबलपुर में नर्मदा नदी के तिलवारा घाट पर उत्पात मचाने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घाट पर मस्ती के दौरान टोकने पर आश्रम में मौजूद नर्मदा भक्तों के साथ मारपीट की थी।
पुलिस ने आरोपियों को उसी घाट पर ले जाकर पूजा-पाठ कराई, जहां यह घटना हुई थी। यह घटना 1 जनवरी की है, जब आरोपी कार से नर्मदा घाट पहुंचे थे और आश्रम में रहने वालों से विवाद हो गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तिलवारा घाट पर स्थित राम भरोसे आश्रम में जबलपुर सहित आसपास के नर्मदा भक्त रहते हैं। ये भक्त नर्मदा परिक्रमा करने वालों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था करते हैं। 31 दिसंबर की रात करीब 12 बजे तिलवारा व रमनगरा क्षेत्र के तीन युवक न्यू ईयर मनाने तिलवारा पहुंचे।
उन्होंने कार का म्यूजिक सिस्टम तेज आवाज में चलाते हुए हंगामा करना शुरु कर दिया। जिसपर आश्रम में मौजूद लोगों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिस पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
इसके बाद कार सवार युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर आश्रम के अंदर घुसकर हंगामा किया। यहां तक कि बदमाशों ने आश्रम में मौजूद लोगों के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें तीन से चार लोग घायल हो गए,घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में बदमाश मारपीट करते हुए दिखाई दिए जबकि आश्रम में मौजूद लोगों ने भी अपना बचाव किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। आज पुलिस ने दो नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद तिलवारा थाना पुलिस सभी आरोपियों को घाट पर ले गई। जहां पर पहले तो आरोपियों से पूजा-पाठ कराई फिर आश्रम में मौजूद लोगों के पैर पड़वाए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों में कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। जिसमें मुख्य आरोपी साका उर्फ समीर दुबे निवासी रमनगरा है।
वह 2 दिसंबर को ही 18 वर्ष का हुआ है। इसके पहले भी उसके खिलाफ अवैध वसूली और मारपीट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। इसके अलावा करण चक्रवाती, सौरभ सोनी व संजय पटेल को भी गिरफ्तार किया है।











