जबलपुर. पमरे के जबलपुर स्टेशन का सोशल मीडिया में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हवाई जहाज को रेलवे स्टेशन पर लैंड करता दिखाया गया है। जिसमें एक युवक बता रहा है कि पायलट को रेलवे स्टेशन पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी है।
इस वीडियो पर जबलपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सख्त रुख अपनाते हुए घटना का खंडन करते हुए मामला पुलिस को सौंप दिया है। खमरिया पुलिस ने वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की तलाश शुरू कर दी है।
एआई जनरेटेड वीडियो में जबलपुर रेलवे स्टेशन दिखाया गया है। ट्रैक पर इंजन खड़ा हुआ है, उसके बगल से एक बड़ा हवाई जहाज भी खड़ा है। दोनों में टक्कर हो गई।
वीडियो में एक युवक बता रहा है कि जबलपुर रेलवे स्टेशन में आज तक कभी ऐसा नहीं देखा गया कि जहाज सीधे पटरियों पर लैंड होगा।
सब लोग हैरान हैं, वहीं पायलट ने कहा कि एमरजेंसी थी, इसलिए रेलवे स्टेशन में आकर रुक गया, अब यह आगे नहीं बढ़ सकता। ट्रेन भी नहीं चल सकती। पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
14 सेकेंड का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें युवक बता रहा है कि रेलवे स्टेशन में अदभुत घटना हो गई है। एक यात्री विमान लैंडिंग करते हुए रेलवे ट्रैक पर आकर खड़ा हो गया है।
पुलिस मौके पर है और लोगों को दूर रखा जा रहा है। पायलट का कहना था कि तकनीकी खराबी के कारण हवाई अड्डे तक नहीं पहुंच पाया और रेलवे स्टेशन पर लैंड करना पड़ा।
एआई से जनरेटेड है वीडियो
जबलपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर आरआर पांडे ने सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पुलिस को मामला सौंप दिया है और जनता से अपील की है कि लाइक और व्यू पाने के लिए ऐसा कुछ न करें, जो लोगों को परेशानी में डाल दे।
पांडे ने बताया कि जैसे ही यह वीडियो हमारे संज्ञान में आया फौरन सुरक्षा बैठक की गई, जिसमें सीआरपीएफ के साथ-साथ स्थानीय थाना पुलिस को भी बुलाया गया था। जिन्हें निर्देशित किया गया है कि इस पर संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज करें।











