जबलपुर। एमपी के जबलपुर में माढ़ोताल स्थित सूरतलाई क्षेत्र में बस ने रोंग साइड में जाकर एक बाइक व एक ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं एक महिला सहित ऑटो में सवार 6 लोग घायल हो गए। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए है, जिसमें बस को गलत दिशा से आते हुए दिखाई दिया है।
पुलिस के अनुसार जबलपुर से यात्रियों को लेकर सागर के लिए रवाना हुई राधा ट्रैवल्स की बस जब सूरतलाई से आगे बढ़ रही थी, इस दौरान चालक हरदेव सिंह बस से अपना संतुलन खो बैठा और रॉग साइड से जाकर आटो व मोटर साइकल को टक्कर मारकर अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में बाइक सवार युवक अनिकेत की गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आटो पलटते से एक महिला सहित 6 सवारियों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बस व आटो के बीच फंसने के कारण बाइक सवार अनिकेत काफी दूर तक घिसटते हुए चला गया था। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
जिन्होने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।











