Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशइंदौर में सड़क निर्माण की लापरवाही, गड्ढे में स्कूटी समेत गिरी युवती

इंदौर में सड़क निर्माण की लापरवाही, गड्ढे में स्कूटी समेत गिरी युवती

मध्य प्रदेश के इंदौर में सड़क निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही एक युवती के लिए हादसे का कारण बन गई। स्कूटी सवार युवती सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद युवती मौके पर ही बेहोश हो गई।

यह घटना इंदौर के स्कीम नंबर 51 स्थित कचरा स्टेशन के सामने की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती स्कूटी से गुजर रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढे में स्कूटी समेत जा गिरी। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना को देखते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। कुछ युवक गड्ढे में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद युवती को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल युवती की हालत खतरे से बाहर है।

चश्मदीदों ने बताया कि युवती गड्ढे में औंधे मुंह गिरी थी और गिरते ही बेहोश हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और निर्माण एजेंसी के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि गड्ढे के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Latest News