नई दिल्ली. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा है कि यह बजट युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए नए अवसर लेकर आया है और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप पेश करता है। उन्होंने इसे “अगली पीढ़ी का बजट” बताया।
स्वास्थ्य, खेल और बुनियादी ढांचे से जुड़ेगा रोजगार
आज नई दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और बुनियादी ढांचे जैसे अहम क्षेत्रों को सीधे रोजगार सृजन से जोड़ता है। इससे देश की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।
हर जिले में बालिका छात्रावास का स्वागत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट में प्रत्येक जिले में बालिका छात्रावासों के प्रावधान का विशेष रूप से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली आने वाली महिलाओं सहित देशभर की छात्राओं और कामकाजी महिलाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी।
विकसित भारत–विकसित दिल्ली विजन 2047 पर केंद्र के साथ तालमेल
सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार ‘विकसित भारत–विकसित दिल्ली विजन 2047’ के तहत केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र की योजनाओं और आवंटित निधियों का अधिकतम लाभ दिल्ली को मिले, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस के बजट में बढ़ोतरी, सुरक्षा और तकनीक पर फोकस
दिल्ली पुलिस के लिए बढ़ाए गए बजट आवंटन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 12,500 करोड़ रुपये के प्रावधान से राष्ट्रीय राजधानी में आधुनिक परिवहन प्रणालियों, बेहतर संचार नेटवर्क और ‘सुरक्षित दिल्ली’ परियोजना के तहत नई आईटी आधारित योजनाओं को लागू किया जा सकेगा। इससे राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।











