जबलपुर। एमपी के जबलपुर कैंट बोर्ड प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए सर्वे नंबर 60 मोदीबाड़ा में करीब 27 करोड़ रुपए की बेशकीमती जमीन का अधिग्रहण कर लिया।
कार्यवाही के दौरान कैंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ नायब तहसीलदार रांझी, पुलिस और आर्मी क्यूआरटी की टीम मौजूद थी। मंगलवार की दोपहर शुरू हुई यह कार्यवाही देर शाम तक जारी रही।
जानकारी के मुताबिक कैंट बोर्ड द्वारा भारत सरकार रक्षा मंत्रालय की भूमि पॉलिसी अनुसार समस्त समाप्त कृषि भूमि का आवंटन निरस्त कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराकर अधिग्रहण किया जा रहा है।
इसी क्रम में कैंट बोर्ड कार्यालय द्वारा मंगलवार को सर्वे नंबर 60/04 एवं 60/13 का यथास्थिति अधिग्रहण किया गया है।
कार्यवाही के दौरान कुल 1.78 एकड जमीन को अतिक्रमण मुक्त उसका अधिग्रहण किया गया। उक्त भूमि में मंगलम बारातघर, मंदिर व तीन क्वार्टर बने हुए थे, वहीं शेष भूमि खुली थी।
जिसका बाजार मुल्य 26,89,17,5524 बताई जा रही है। कार्यवाही के दौरान नायब तहसीलदार रांझी भीमसेन पटेल, कैंट बोर्ड के इंजीनियर अनुराग आचार्य, अतिक्रमण प्रभारी नितेश पटेरिया,थाना केंट, स्थानीय सैन्य बल व अन्य स्टाफ उपस्थित था।











