Saturday, April 25, 2026
Homeमध्य प्रदेशनर्मदापुरम : इटारसी-पथरोटा रोड पर रेलिंग तोड़ नहर में गिरी कार, तीन...

नर्मदापुरम : इटारसी-पथरोटा रोड पर रेलिंग तोड़ नहर में गिरी कार, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

नर्मदापुरम. मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में इटारसी-पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार 6 जनवरी की देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में जा गिरी. कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इटारसी की ओर से आ रही ग्रे कलर की कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में समा गई. लोगों ने कार को पानी में डूबते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची. चूंकि घटनास्थल पथरोटा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए रेस्क्यू की कमान वहीं से संभाली गई.

ढाई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के तुरंत बाद एक स्थानीय युवक ने जान की परवाह किए बिना नहर में कूदकर कार में सवार लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका. हालात की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को नहर से बाहर निकाला जा सका.

कार के कांच टूटे, स्ट्रगल के निशान

कार बाहर आते ही जब उसके दरवाजे खोले गए, तो अंदर का मंजर दिल दहला देने वाला था. कार में सवार तीनों युवक मृत अवस्था में पाए गए. एसडीआरएफ की प्लेटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि, युवक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे, कांच तोडऩे की कोशिश के निशान मिले हैं, लेकिन तीनों सफल नहीं हो सके मृतकों की फिलहाल आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है.

हालांकि एक युवक की जेब से मिले पैन कार्ड पर लक्की पटेल नाम सामने आया है. पुलिस का कहना है कि सभी युवक इटारसी के बताए जा रहे हैं.

Related Articles

Latest News