ग्वालियर: मोहना थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र और कानों से सोने के टॉप्स (बाले) लूटे थे।
खेत जाते समय हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, मोहना के पुरानी धर्मशाला क्षेत्र में रहने वाली बुजुर्ग महिला रामपुरी धाकड़ ने 22 जनवरी को थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
शिकायत में उन्होंने बताया कि वह पैदल अपने खेत की ओर जा रही थीं, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए। एक आरोपी ने उन्हें जोर से पकड़ लिया और कानों से सोने के बाले व गले से मंगलसूत्र छीन लिया। वारदात के बाद दोनों ने महिला को धमकाया और मौके से फरार हो गए।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
इस घटना को गंभीर मानते हुए मोहना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 392 (लूट), 394 (चोट पहुंचाकर लूट) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय सूत्रों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 6 फरवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी गोल पहाड़िया से पनिहार की ओर बाइक से जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
आरोपियों ने किया जुर्म कबूल
गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम विकास उर्फ विक्की कुशवाहा और सूरज दिवाकर बताया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बुजुर्ग महिला से लूट की घटना कबूल कर ली है।
पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है, जबकि मंगलसूत्र और सोने के बाले की बरामदगी के लिए दोनों से गहन पूछताछ जारी है।











