जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) के तत्वावधान में रामपुर परिसर स्थित पाण्डुताल मैदान में आयोजित जेनको क्रिकेट लीग सीजन-3 के फाइनल में हिटर्स और लीजेंड्स टीम के मध्य खिताब के लिए मुकाबला होगा।
आज पहले सेमीफाइनल में हिटर्स ने चार्जर्स को 6 विकेट और लीजेंड्स ने रॉयल्स को 9 विकेट से पराजित किया। 16 फरवरी को दोपहर 1.30 बजे हिटर्स और लीजेंड्स के मध्य फाइनल मैच होगा।
फाइनल मैच में पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, डायरेक्टरद्वय सुबोध निगम, मिलिन्द भान्दक्कर, कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप सहित अन्य वरिष्ठ अभियंता एवं कार्मिक उपस्थित रहकर फाइनलिस्ट टीमों का जोश बढ़ाएंगे।
खिताबी मुकाबले के रोमांच के साथ-साथ महिला कार्मिकों के लिए विशेष खेलों एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
हिटर्स की धमाकेदार जीत, अतुल यादव बने मैच के हीरो-आज खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में हिटर्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। फाइनल का टिकट पक्का करने के इरादे से मैदान में उतरी चार्जर्स टीम ने संघर्षपूर्ण शुरुआत की।
बल्लेबाज संदीप गोस्वामी ने 21 गेंदों पर 22 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का भरसक प्रयास किया। हिटर्स के कप्तान अतुल यादव की धारदार गेंदबाजी के आगे चार्जर्स का मध्यक्रम टिक नहीं पाया।
अतुल यादव ने अपने 3 ओवर में मात्र 12 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके और 4.0 की शानदार इकॉनमी के साथ मैच की दिशा ही बदल दी। हिटर्स की सटीक गेंदबाजी से चार्जर्स की पूरी टीम 12 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 66 रन ही बना पायी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिटर्स की टीम ने पिछले मैच की तरह ही अपने सलामी बल्लेबाज़ों पर भरोसा जताया। शाहिद खान ने मात्र 8 गेंदों में 19 रन ठोककर तेज शुरुआत दी, वहीं कप्तान अतुल यादव ने 19 गेंदों पर 26 रन बनाकर पारी को मजबूती प्रदान की।
चार्जर्स की गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर साबित हुई और हिटर्स ने 7.3 ओवर में ही 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अपने एकतरफ़ा प्रदर्शन से मैच पर छाप छोड़ने वाले अतुल यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। वे नाबाद रहे और टीम को फाइनल की दहलीज तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
फाइनल का दबाव नजर आया, रॉयल्स बिखरी लीजेंड्स जीती–दूसरे सेमीफाइनल में लीजेंड्स और रॉयल्स के बीच फाइनल में पहुंचने के लिए जबरदस्त जंग देखने को मिली। टॉस जीतकर लीजेंड्स ने रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया।
मुकाबले में फाइनल की राह का दबाव साफ नजर आया, क्योंकि लीजेंड्स की सधी हुई और अनुशासित गेंदबाजी के सामने रॉयल्स की बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह बिखर गया। आदर्श तिवारी, सुशील पांडेय व सुभांशु मीना ने कुछ अच्छे शॉट लगाकर स्ट्राइक रोटेट करने की कोशिश की लेकिन उनके प्रयास ज्यादा देर टिक नहीं सके।
लीजेंड्स की ओर से अंकित एडविन और प्रतीक नामदेव ने 3-3 विकेट झटके, जबकि कप्तान आसिफ खान ने 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और किफायती गेंदबाजी से रॉयल्स को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। परिणामस्वरूप रॉयल्स की पूरी पारी 11.1 ओवर में मात्र 62 रन पर सिमट गई।
63 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लीजेंड्स की ओपनिंग जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज सुशील पाल ने 22 गेंदों पर 19 रन और कप्तान आसिफ खान ने 20 गेंदों पर ताबड़तोड़ 31 रन जड़कर मैच को एकतरफा बना दिया।
लीजेंड्स ने मात्र 8.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम किया और फाइनल में हिटर्स से भिड़ंत तय कर ली। कप्तान आसिफ खान नाबाद रहे और उन्हें जबर्दस्त प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
आज मैच के अंपायर सुबोध धांडे, संदीप बर्मन व मनोज कुमरे और स्कोरर सुशील पांडे, प्रणव देशमुख, प्रतीक कुंटे व मोहम्मद अयाज़उद्दीन रहे।











