Saturday, May 2, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर रोड पर दर्दनाक विदारक हादसा, गहरी खाई में गिरने से बाइक...

जबलपुर रोड पर दर्दनाक विदारक हादसा, गहरी खाई में गिरने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत

जबलपुर। एमपी के जबलपुर रोड स्थित तेंदूखेड़ा में देर रात मोटर साइकल सवार युवक जर्जर पुल से अनियंत्रित होकर गिर गए, हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा उस वक्त हुआ है जब पांच दोस्त एक शादी समारोह में शामिल होने जबलपुर की ओर आ रहे थे। देर रात हुए हादसे की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे, अंधेरा होने के कारण युवकों को निकाला नहीं जा सका, आज सुबह तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम छिरारी निवासी अजय घोषी उम्र 21 वर्ष, अमित कुर्मी 21 वर्ष व पवन कुर्मी 22 वर्ष, वहीं दूसरी बाइक पर सवार भागीरथ कुर्मी व सुमित कुर्मी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए समनापुर गांव के लिए रवाना हुए।

जब वे तेंदूखेड़ा से आगे बढ़े तो अंधेरा होने के कारण रास्ता भटक गए और शार्टकट के चक्कर में जर्जर पुल से आगे बढ़े इस दौरान एक बाइक पर सवार अजय, अमित व पवन अनियंत्रित होकर पुल से गहरी खाई में गिर गए, हादसे में तीनों के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं दूसरी बाइक पर पीछे पीछे आ रहे भागीरथ व सुमीत कुर्मी ने तीनों को देखा तो शोर मचाते हुए ग्रामीणों को आवाज लगाई। आज सुबह के वक्त ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिनकी सूचना पर पुलिस भी आ गई।

इन सभी ने तीनों युवकों को खाई से बाहर निकालकर तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन व रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए थे, जिनका रो-रो कर बुरा हाल रहा। वहीं मृतक पवन कुर्मी के चाचा सुरेश पटेल ने बताया कि यह पुल 30 जुलाई को आई बाढ़ में टूट गया था।

इसके बाद से यहां आवागमन प्रभावित था। पुल पर न तो रेलिंग लगी थी और न ही कोई सांकेतिक बोर्ड लगाया गया था। स्थानीय लोगों को इस रास्ते से बचने के लिए करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।

Related Articles

Latest News