Homeमध्य प्रदेशबुजुर्ग मां की मौत के बाद 5 दिन तक शव के साथ...

बुजुर्ग मां की मौत के बाद 5 दिन तक शव के साथ रहे मानसिक रूप से कमजोर बेटा-बेटी

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घर में ही मौत हो गई, लेकिन मानसिक रूप से कमजोर उनके बेटा और बेटी पांच दिनों तक शव के साथ ही घर में रहे। मामले का खुलासा तब हुआ जब घर से तेज बदबू आने लगी और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के दही मंडी इलाके की है। मृतका की पहचान उर्मिला भदौरिया के रूप में हुई है, जो गोरखी स्कूल में क्लर्क पद से सेवानिवृत्त थीं। उनके पति सुरेंद्र सिंह भदौरिया का करीब 20 साल पहले निधन हो चुका था। रिटायरमेंट के बाद उर्मिला अपने बेटे अखंड प्रताप सिंह भदौरिया और बेटी रितु भदौरिया के साथ रहती थीं। दोनों संतानें मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही हैं।

बदबू से हुआ खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

शुक्रवार सुबह दूध देने आए व्यक्ति को घर से तेज दुर्गंध आई, जिसके बाद आसपास के लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि महिला का शव बुरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे।

पुलिस के अनुसार, बेटे अखंड ने पहले शव को उठाने से रोकने की कोशिश की। बाद में समझाइश के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

कोतवाली थाने के एएसआई एच. नायक ने बताया कि महिला की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि मानसिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेटा-बेटी को मां की मौत का एहसास नहीं हो पाया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Latest News