राजधानी भोपाल के टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब में 10वीं कक्षा के छात्र पर दो नाबालिगों ने फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर महज 30 सेकेंड के भीतर छात्र पर 27 बार चाकू से वार कर फरार हो गए। घटना 15 फरवरी की है, जबकि इसका सीसीटीवी फुटेज 22 फरवरी को सामने आया। फुटेज में दोनों नाबालिग क्लब में दाखिल होते ही सीधे छात्र पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
छात्र की हालत गंभीर, दो उंगलियां कटीं
हमले में छात्र के हाथ पर 10 से ज्यादा गहरे घाव आए हैं। उसकी दो उंगलियां कट गईं, जबकि कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश बनी वजह?
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर और पीड़ित एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुराने विवाद और कथित थप्पड़ की घटना का बदला लेने के लिए इस हमले को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने फिलहाल मामले में साधारण धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में बदलाव या बढ़ोतरी की जा सकती है।
इलाके में दहशत, आरोपी फरार
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि नाबालिगों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर भी चिंता बढ़ा रही है।











