जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) ने सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात 213 से अधिक पूर्व सैनिकों व उनके परिजन के लिए सारनी परिसर स्थित चिकित्सालय में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बैतूल के सहयोग से पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) मोबाइल क्लिनिक के मासिक कैम्प आयोजित करने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय से पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों सहित लगभग 500 हितग्राही प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान स्वरूप स्वास्थ्य की यह पहल-जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बैतूल के माध्यम से 213 से अधिक पूर्व सैनिक वर्तमान में सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी में सुरक्षा सेवा में तैनात हैं।
इन अनुशासित एवं समर्पित पूर्व सैनिकों ने पावर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने पूर्व सैनिकों की प्रतिबद्ध सेवा के प्रति सम्मान स्वरूप उनके स्वास्थ्य के लिए यह पहल की है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए 35 किलोमीटर की यात्रा से मिलेगी मुक्ति-पावर जनरेटिंग कंपनी की इस पहल से अब इन पूर्व सैनिकों को रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रदत्त पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए लगभग 35 किलोमीटर दूर आमला एयर फोर्स स्टेशन स्थित ECHS क्लिनिक तक नहीं जाना पड़ेगा।
नई व्यवस्था के अंतर्गत अब यह मोबाइल क्लिनिक प्रत्येक माह एक बार सीधे कंपनी चिकित्सालय परिसर में सिर्फ कंपनी में कार्यरत भूतपूर्व सैनिकों हेतु संचालित की जाएगी।
मोबाइल क्लिनिक में एम्बुलेंस, चिकित्सक, सहायक स्टाफ एवं आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था रहेगी।
कार्मिकों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता-कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने कहा कि इससे कंपनी में कार्यरत पूर्व सैनिकों को प्लांट परिसर में ही नियमित चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क औषधियाँ सुलभ होंगी और उन्हें दूरस्थ यात्रा से मुक्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कंपनी अपने कार्मिकों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर नवाचार कर रही है तथा भविष्य में भी कर्मचारी हित सर्वोपरि रहेंगे।











