Homeमध्य प्रदेशगाय के शव को रखकर गौ-सेवकों ने किया प्रदर्शन, कहा नगर निगम...

गाय के शव को रखकर गौ-सेवकों ने किया प्रदर्शन, कहा नगर निगम कर्मचारी रुपए लेने के बाद नाला में फेंक रहे शव

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में नगर निगम पर मृत गायों के अंतिम संस्कार में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। गोसेवकों व सामाजिक संगठनों ने दावा किया है कि निगम कर्मचारी अंतिम संस्कार के लिए 3000 रुपए लेने के बाद भी गायों का विधिवत अंतिम संस्कार करने के बजाय उनके शव नालों में फेंक रहे हैं।

बजरंग दल के गोरक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि सड़क या अन्य स्थानों पर मृत मिली गायों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए गोसेवक अपने निजी खर्च से नगर निगम कर्मचारियों को तीन हजार रुपए देते हैं।

आरोप है कि इसके बावजूद कर्मचारी अंतिम संस्कार न कर शवों को नालों में फेंक देते हैं ताकि पैसे बचाए जा सकें। मनीष शर्मा ने बताया कि तीन दिन पहले एक गाय को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया था।

लेकिन बाद में मौके पर जाकर देखने पर उसका शव नाले में पड़ा मिला। कर्मचारियों ने आपस में पैसे बांट लिए। भारतीय हिंदू सेना से जुड़े गोरक्षक आदित्य तिवारी ने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है बल्कि ऐसी सैकड़ों गायें नालों में पड़ी मिली हैं।

उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर शव सड़ रहे हैंए हड्डियां बिखरी हुई हैं और आवारा पशु उन्हें नोचते देखे गए हैं।

3-4 महीने से बंद पड़ी एंबुलेंस-

गोसेवकों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम की गो-एंबुलेंस पिछले तीन-चार महीनों से बंद पड़ी है। शिकायत करने पर कर्मचारियों द्वारा गाड़ी खराब है। कहकर टाल दिया जाता है।

जिससे घायल और मृत पशुओं को समय पर सहायता नहीं मिल पा रही है। इस घटना से नाराज गोसेवकों ने नगर निगम और महापौर के खिलाफ प्रदर्शन किया।

उन्होंने मांग की है कि दोषी कर्मचारियों को तत्काल हटाया जाएए मृत गायों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार सुनिश्चित किया जाए।

बंद पड़ी गो-एंबुलेंस तुरंत चालू की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। प्रदर्शनकारियों ने महापौर से सार्वजनिक रूप से सामने आकर इस मामले पर जवाब देने की भी मांग की है।

मामले की जांच की जाएगी-

नगर निगम डिप्टी कमिश्नर संभव अयाची ने कहा कि नगर निगम की तरफ से गाय व अन्य पशुओं के लिए अंतिम संस्कार की व्यवस्था की गई है। यदि इस तरह के आरोप लग रहे हैं तो इसकी जांच की जाएगी और संबंधित व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाएगी

Related Articles

Latest News