इंदौर। सोशल मीडिया पर चाकू लहराते हुए रील पोस्ट कर इलाके में रौब जमाने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई। विशाल पारिया (उर्फ वारिया) नामक युवक ने इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ वीडियो शेयर किया था, जिसका मकसद दोस्तों और क्षेत्र में दहशत फैलाना बताया जा रहा है।
विवादित रील की जानकारी मिलते ही तुकोगंज थाना पुलिस सक्रिय हुई। पंचम की फैल क्षेत्र में भ्रमण और चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को चाकू सहित पकड़ लिया।
आर्म्स एक्ट में कार्रवाई, माफी भी मंगवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उससे इंस्टाग्राम पर डाली गई रील तुरंत डिलीट करवाई गई। पुलिस ने युवक से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई है, ताकि इस तरह के कृत्य को बढ़ावा न मिले।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले कंटेंट पर कड़ी नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











