Friday, September 11, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर के मझौली में बाप-बेटे ने मिलकर कर दी युवक की नृशंस...

जबलपुर के मझौली में बाप-बेटे ने मिलकर कर दी युवक की नृशंस हत्या, ग्रामीणों ने किया चकाजाम

जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पडुआ गांव में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खबरा निवासी 28 वर्षीय अज्जू ठाकुर अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए पडुआ गांव गया था। वहां किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया।

आरोप है कि इस विवाद के दौरान एक पिता और उसके पुत्र ने मिलकर अज्जू पर जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चकाजाम, पुलिस ने किया बल प्रयोग

हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोशित हो गए। न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने मझौली थाने का घेराव किया और मझौली-सिहोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शनकारी बीच सड़क पर बैठकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने और सड़क से हटने का आग्रह किया, लेकिन जब प्रदर्शन जारी रहा तो पुलिस को स्थिति पर काबू पाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद ही प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया जा सका और यातायात सुचारू रूप से बहाल हुआ।

दो आरोपी पुलिस हिरासत में, पूछताछ जारी

पुलिस ने इस हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने दो संदेही आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और पुलिस विवाद के मुख्य कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Latest News