जबलपुर। एमपी के जबलपुर में क्राइम ब्रांच व पाटन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार देसी पिस्टल, 8 कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है।
दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हे खबर मिली कि काले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में दो युवक अवैध हथियार लेकर पाटन-तेंदूखेड़ा रोड पर किसी को बेचने आने वाले हैं।
इस सूचना के आधार पर भडय़ा पीपल के पास नाकाबंदी की गई। कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें पिछली सीट पर रखे एक लाल कपड़े के थैले से चार देसी पिस्टल और आठ कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दमोह निवासी मयंक राजपूत उम्र 28 वर्ष व राहुल उर्फ सूरज सिंह लोधी 27 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो एप्पल मोबाइल, एक नोकिया मोबाइल और वह कार भी जब्त की गई। जिसका उपयोग हथियार ले जाने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे ये हथियार कहां से लाए थे और इन्हें किसे बेचा जाना था। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में हथियार आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।











