मंडला। एमपी के मंडला रोड पर हाइवा ने लकड़ी से भरे ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे ट्रक में सवार एक श्रमिक की मौत हो गई। श्रमिक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने आज दोपहर दो बजे के लगभग शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे जबलपुर-मंडला रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए।
दोनों ओर वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
बताया गया है कि मंडला में शर्मा होटल के पास तेज रफ्तार हाइवा ने लकड़ी से लोड ट्रक को टक्कर मार दी। जिससे ट्रक में सवार इंद्रेश पंद्रे निवासी झीगरा टोला मझगांव उछलकर सड़क पर आ गिरा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई। दुर्घटना में घायल इंद्रेश को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां पर हालत को देखते हुए देर रात प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया। लेकिन इंद्रेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इन्द्रेश की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। आज उन्होंने हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहनों की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिवार को 5 लाख रुपए मुआवजा देने और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार जमना प्रसाद भगत और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
अधिकारियों ने परिजन की मांगों को सुना और उचित मुआवजे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर रास्ता खोला गया।











