जबलपुर। एमपी के जबलपुर में पाटन स्थित ग्राम कोनी में एक 15 वर्षीय किशोर की हिरन नदी में डूबने से मौत हो गई। किशोर अपने दोस्तों के साथ कोनी घाट पर स्नान करने गया था। जहां नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम कोनी निवासी पुष्पेंद्र कुमार अपने साथियों के साथ हिरन नदी में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। किशोर को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गयाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











