Asian games : भारतीय महिला कुश्ती स्टार विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। देश की सर्वोच्च अदालत ने एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति देते हुए रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) की याचिका खारिज कर दी। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने भी विनेश के पक्ष में फैसला सुनाया था, जिसे WFI ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। शुक्रवार को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि विनेश फोगाट ट्रायल्स में हिस्सा लेने की हकदार हैं। अदालत के इस फैसले को विनेश के लिए बड़ी कानूनी और खेल जगत की अहम जीत माना जा रहा है, जिससे उनके एशियन गेम्स में खेलने की उम्मीदें फिर मजबूत हो गई हैं।
Asian games : देश का सिर ऊंचा किया : सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले में किसी भी तरह का दखल देने से साफ इनकार कर दिया और विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के सिलेक्शन ट्रॉयल्स में उतरने का रास्ता साफ कर दिया. सुनवाई के दौरान अदालत ने विनेश फोगाट की तारीफ करते हुए एक बेहद भावुक और बड़ी टिप्पणी की. अदालत ने कहा कि विनेश फोगाट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का सिर हमेशा ऊंचा किया है. सुप्रीम कोर्ट के जजों ने कहा, अगर कोई और एथलीट होता तो बात शायद दूसरी होती, लेकिन विनेश ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है.
Asian games : हाईकोर्ट के तरीके पर सवाल, फैसला बरकरार
हालांकि, इस पूरे संवेदनशील मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर थोड़ी चिंता जरूर जताई कि हाईकोर्ट ने जिस तरह से इस पूरे मामले को संभाला और सुनवाई की, वो अलग हो सकता था. इसके बावजूद, शीर्ष अदालत ने विनेश फोगाट के हक में आए हाईकोर्ट के मुख्य आदेश को पूरी तरह बरकरार रखा और उसमें कोई बदलाव नहीं किया. सुप्रीम कोर्ट के इस अंतिम फैसले के बाद अब रेसलिंग फेडरेशन बैकफुट पर है और विनेश फोगाट के एशियन गेम्स में जाने की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं.











