Homeमध्य प्रदेशCitizen Feedback : मध्यप्रदेश बना देश का टॉप राज्य, 35.69 लाख नागरिकों...

Citizen Feedback : मध्यप्रदेश बना देश का टॉप राज्य, 35.69 लाख नागरिकों ने दिया फीडबैक

Citizen Feedback : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ विजन को जनभागीदारी के माध्यम से साकार करते हुए मध्यप्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत आयोजित देशव्यापी ‘सिटीजन फीडबैक’ अभियान में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
Citizen Feedback : राष्ट्रीय रैंकिंग में मध्यप्रदेश ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पछाड़ा

वर्ष 2011 की जनगणना के मानकों के आधार पर तैयार की गई इस राष्ट्रीय रैंकिंग में मध्यप्रदेश ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि न केवल स्वच्छता के प्रति प्रदेशवासियों की जागरूकता को दर्शाती है, बल्कि नागरिक सहभागिता और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी सक्रिय भागीदारी का भी प्रमाण है।

प्रदेश के 35.69 लाख से अधिक जागरूक नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यमों से अपनी सहभागिता दर्ज कराकर न केवल स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई है, अपितु यह भी सिद्ध कर दिया है कि डिजिटल इंडिया के युग में मध्यप्रदेश के नागरिक तकनीकी रूप से आगे हैं।

Citizen Feedback : यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है –

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेशवासियों और अथक परिश्रमी ‘सफाई मित्रों’ का अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की अटूट जागरूकता और विभागीय अमले की कर्तव्यनिष्ठता के समन्वय से ही प्रदेश स्वच्छता के उच्च शिखर पर निरंतर गतिमान है। राज्य स्तर पर स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की टीम द्वारा इस वर्ष एक अनूठी ‘360 डिग्री रणनीति’ का क्रियान्वयन किया गया।

Citizen Feedback : सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से हुआ संभव-

इस समेकित कार्ययोजना के अंतर्गत सभी नगरीय निकायों के सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से 60 लाख से अधिक जनमानस तक पहुँच स्थापित की गई। इसके अतिरिक्त पारंपरिक और आधुनिक संचार माध्यमों जैसे कचरा संग्रहण वाहनों, समाचार पत्रों, रेडियो, दूरदर्शन के ऑडियो-वीडियो संदेशों तथा घर-घर जाकर चलाए गए सघन जन-जागरूकता अभियानों से समाज के हर वर्ग को इस पुनीत कार्य से जोड़ा गया।

डिजिटल सहभागिता को सुगम और व्यापक बनाने के उद्देश्य से राज्य स्तर से एक करोड़ से अधिक लक्षित एसएमएस (SMS) प्रेषित किए गए। इसके साथ ही, आधुनिक युग के प्रभावशाली संचारकों—सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स—का भी सहयोग लिया गया, जिससे युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह का संचार हुआ। इस व्यापक और भगीरथ प्रयास का परिणाम धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

Citizen Feedback : भोपाल के नागरिकों में अधिक उत्साह देखने को मिला –

विशेष रूप से प्रदेश की राजधानी भोपाल के नागरिकों में इस वर्ष अपूर्व उत्साह देखा गया है। जहाँ गत वर्ष भोपाल में मात्र 5.13 हजार नागरिकों ने अपना फीडबैक दिया था, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा 3.86 लाख को पार कर गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन की टीमें पूरी सक्रियता से धरातल पर कार्य कर रही हैं जिससे इस गति को और अधिक तीव्र किया जा सके और प्रदेश स्वच्छता के पायदान पर शीर्ष पर बना रहे।

राज्य सरकार और नगरीय विकास विभाग ने प्रदेश के समस्त नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपने शहर को स्वच्छता के शीर्ष पायदान पर बनाए रखने के लिए अपनी सहभागिता निरंतर जारी रखें। नागरिक केन्द्रीय मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट https://cf.sbmurban.org/survey पर जाकर अथवा निर्धारित क्यूआर (QR) कोड को स्कैन कर अपना बहुमूल्य ऑनलाइन फीडबैक अवश्य दर्ज कराएं।

Related Articles

Latest News