MPPGCL : जबलपुर, 5 जून। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) के मानव संसाधन विकास एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग प्रशिक्षण संस्थान नयागांव जबलपुर में आयोजित तीन सप्ताह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कंपनी के विभिन्न ताप एवं जल विद्युत गृहों में पदस्थापित 22 नव नियुक्त कार्मिकों ने सक्रिय सहभागिता की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नव नियुक्त कर्मचारियों के इंडक्शन एवं ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया के अंतर्गत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य उन्हें कंपनी की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा कार्यसंस्कृति से परिचित कराना था। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में कार्यालय सहायक ग्रेड-III प्रशिक्षु, कनिष्ठ शीघ्रलेखक प्रशिक्षु, भंडार सहायक प्रशिक्षु तथा प्रकाशन अधिकारी प्रशिक्षु शामिल थे।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षु कार्मिकों को आधुनिक कार्यालय प्रबंधन एवं संचार, स्थापना संबंधी कार्य, भंडार प्रबंधन, बहीखाता एवं लेखा प्रणाली, टैक्सैशन एवं बिल प्रबंधन, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत कक्षागत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यालयीन कार्यों के प्रभावी संचालन, अभिलेख प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन तथा प्रशासनिक दक्षता से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी साझा की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षुओं को रानी अवंतीबाई सागर जल विद्युत गृह, बरगी नगर का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्युत गृह के अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा उन्हें विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया, संयंत्र संचालन तथा ऊर्जा उत्पादन से जुड़े महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई।
सहायक अभियंता एवं प्लांट सहायक द्वारा प्रशिक्षु कार्मिकों को विद्युत उत्पादन की मूलभूत एवं महत्वपूर्ण अवधारणाओं से अवगत कराया गया, जिससे उन्हें कंपनी के मूल व्यवसाय को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) दीपक कश्यप ने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कार्यालयीन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन में इन कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों की दक्षता, कंपनी की कार्यक्षमता का आधार होती है तथा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम नव नियुक्त कर्मचारियों को कंपनी की कार्यसंस्कृति को समझने एवं उसके अनुरूप स्वयं को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
साथ ही अतिरिक्त मुख्य अभियंता (मानव संसाधन एवं प्रशासन) संजय कुमार जैन ने भी सभी प्रशिक्षु कार्मिकों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रशिक्षण एवं विकास) अशोक कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के समन्वय एवं प्रबंधन का दायित्व कार्मिक अधिकारी वार्तिका गुरबानी ने सफलतापूर्वक निभाया। प्रशिक्षण एवं विकास विभाग की महाप्रबंधक खुशबू शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम को प्रतिभागियों द्वारा अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया गया।











